बीरभूम, 14 फ़रवरी। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बड़ी साजिश की आशंका के बीच बीरभूम जिले के नलहाटी इलाके से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किए गए हैं। पुलिस ने शनिवार को एक मोटरसाइकिल से करीब 50 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट और 500 जिलेटिन स्टिक जब्त किए हैं। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान चांदू लेट के रूप में हुई है, जो रामपुरहाट थाना क्षेत्र के रदिपुर गांव का निवासी बताया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नलहाटी थाना अंतर्गत बनियोर पंचायत अंतर्गत खापुर कैनाल इलाके में गश्त के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली। बाइक के पीछे बंधे कंबल के नीचे बोरियों में बड़ी मात्रा में विस्फोटक छिपाकर ले जाया जा रहा था। मौके पर ही बाइक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया और मोटरसाइकिल समेत विस्फोटक जब्त कर लिए गए।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि विस्फोटक रामपुरहाट से नलहाटी के पत्थर उद्योग क्षेत्र की ओर ले जाए जा रहे थे।
पुलिस का कहना है कि विस्फोटकों की इतनी बड़ी खेप को देखते हुए इसे केवल अवैध व्यापार नहीं, बल्कि संभावित नाशक गतिविधि से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस विस्फोटक तस्करी के पीछे कोई संगठित गिरोह या बाहरी तत्व तो शामिल नहीं हैं। यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या बंगाल को विस्फोटक तस्करी के कॉरिडोर के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था।
नलहाटी थाना की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों और संभावित साजिश के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
