
शिकारीपाड़ा में शव रख सड़क जाम, छह पर हत्या का मामला दर्ज
दुमका, 05 जनवरी। जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ढाका शिमला गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए हिंसक झगड़े में एक ई-रिक्शा चालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर दुमका-रामपुरहाट मुख्य सड़क को करीब पांच घंटे तक जाम कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को शिमला गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। इसी गांव का ई-रिक्शा चालक सफरुद्दीन मियां एक पक्ष के लोगों को अपने ई-रिक्शा में बैठाकर शिकारीपाड़ा थाना ले जा रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने रास्ते में उसे रोक लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी।
घटना के दौरान जब चालक की पत्नी बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपितों ने उसके साथ भी मारपीट की, जिससे उसका हाथ टूट गया। सूचना मिलते ही शिकारीपाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायल दंपति को पुलिस वाहन से शिकारीपाड़ा उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सफरुद्दीन मियां की गंभीर हालत को देखते हुए उसे दुमका सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
ई-रिक्शा चालक की मौत की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। परिजनों और ग्रामीणों ने शव को शिकारीपाड़ा बजरंगबली चौक के पास रखकर दुमका-रामपुरहाट मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
सूचना मिलने पर प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों एवं ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित भीड़ मानने को तैयार नहीं थी। करीब पांच घंटे तक सड़क जाम रहने के बाद शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी एजाज आलम के लगातार प्रयासों के बाद ग्रामीणों ने शव उठाने की अनुमति दी और सड़क जाम समाप्त कराया गया।
इस मामले में शिकारीपाड़ा थाना में छह नामजद आरोपितों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को हिरासत में ले लिया है, जबकि शेष फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।






