कंटेनर-हाइवा के बीच टक्कर में लगी आग

दुमका, 26 फरवरी। झारखंड के दुमका जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में बुधवार रात लाइटर गैस (ब्यूटेन) लदे कंटेनर और गिट्टी लोड हाइवा के बीच आमने-सामने की टक्कर के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में हाइवा के खलासी की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से झुलस गया। आग की चपेट में आकर कुल चार वाहन जलकर खाक हो गए।

घटना रिंग रोड स्थित एएन कॉलेज के समीप हुई। जानकारी के अनुसार, पाकुड़ के अमड़ापाड़ा स्थित कोल माइंस से गिट्टी लोड हाइवा दुमका रेलवे स्टेशन परिसर स्थित कोल डंपिंग यार्ड की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे सिगरेट लाइटर गैस लदे कंटेनर से उसकी सीधी टक्कर हो गई।

टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग भड़क उठी और लपटें तेजी से फैल गईं। पास में खड़े कोयला लदे दो अन्य हाइवा भी आग की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में वाहन धू-धू कर जलने लगे।

एक की मौत, चालक अस्पताल में भर्ती

हादसे में खलासी उमेश कुमार (निवासी–दोना पाथर, सुईया थाना क्षेत्र, जिला बांका, बिहार) की मौके पर ही मौत हो गई। घायल चालक संतोष कुमार यादव (30 वर्ष, निवासी–कैलास पहाड़ी, बेलहर थाना क्षेत्र, बांका) को गंभीर हालत में फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

ब्यूटेन गैस से बढ़ी आग की तीव्रता

कंटेनर में सिगरेट लाइटर में प्रयुक्त होने वाली ब्यूटेन गैस लदी थी। ब्यूटेन अत्यंत ज्वलनशील हाइड्रोकार्बन गैस है, जिसे दबाव में तरल रूप में रखा जाता है और बाहर निकलते ही तेजी से आग पकड़ लेती है। विशेषज्ञों के अनुसार, इसी कारण टक्कर के बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।