डा मेघना

बीकानेर, 28 मार्च। इतिहास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर के इतिहास विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष मेघना शर्मा को ग्वालियर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी में “श्रीमती विद्या श्रीवास्तव मेमोरियल अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया।

यह संगोष्ठी मध्य भारत से प्रकाशित एक अंतरराष्ट्रीय इतिहास जर्नल एवं मध्य भारतीय इतिहास शोध संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुई, जिसमें भारत की अद्भुत विरासत—कला, संस्कृति, पुरातत्व एवं पर्यावरण विषय पर विचार-विमर्श किया गया।

डॉ. मेघना शर्मा को यह सम्मान इतिहास के क्षेत्र में उनके 22 वर्षों के सतत शोध, अनेक शोध प्रकाशनों, विदेशी विश्वविद्यालयों में व्याख्यान, इतिहास एवं महिला अध्ययन पर पुस्तक लेखन तथा शोध निर्देशन में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रदान किया गया।

इस अवसर पर उन्हें पुष्पहार, शॉल, श्रीफल, अभिनंदन-पत्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

सम्मान प्रदान करने वालों में प्रो. संजय स्वर्णकार, प्रो. जिगर मुहम्मद, प्रो. पूरन सहगल, डॉ. नर्मदा प्रसाद उपाध्याय, डॉ. दीपक खरे, प्रो. हंसा व्यास तथा आयोजन सचिव डॉ. आशा श्रीवास्तव सहित अनेक विद्वान उपस्थित रहे।