indria

उदयपुर, 22 जनवरी। जल क्षेत्र से जुड़े इंजीनियरों और वैज्ञानिकों के देश के सबसे बड़े संगठन इंडियन वॉटर वर्क्स एसोसिएशन (आइवा) के 58वें राष्ट्रीय जल सम्मेलन में उदयपुर के विद्या भवन पॉलिटेक्निक के प्राचार्य एवं प्रसिद्ध जल विशेषज्ञ डॉ. अनिल मेहता को प्रतिष्ठित राष्ट्रीय जल निर्मलता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस सम्मान के साथ ही राजस्थान का राष्ट्रीय स्तर पर गौरव बढ़ा है।
यह प्रतिष्ठित पुरस्कार भारत सरकार के पूर्व जल संसाधन सचिव, स्टॉकहोम वॉटर प्राइज से सम्मानित ख्यातनाम जल अभियंता डॉ एम. ए. चितले द्वारा स्थापित किया गया है। गुरुवार को महाराष्ट्र के संभाजी नगर (औरंगाबाद) स्थित एमआईटी मंथन सभागार में आयोजित समारोह में यह सम्मान प्रदान किया गया।
नगर निगम आयुक्त जी. श्रीकांत, आइवा की अध्यक्ष एवं महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण की मुख्य अभियंता मनीषा पलांडे, मध्यप्रदेश जलदाय विभाग के पूर्व मुख्य अभियंता डॉ एम. एल. अग्रवाल, आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रो. उपेंद्र कुलकर्णी सहित देश के अनेक वरिष्ठ जल विशेषज्ञों और पदाधिकारियों ने डॉ मेहता को पुरस्कार प्रदान किया।
उल्लेखनीय है कि इंडियन वॉटर वर्क्स एसोसिएशन घरेलू, औद्योगिक एवं कृषि उपयोग के लिए समुचित और गुणवत्तापूर्ण जल उपलब्धता, सिवरेज निर्माण व उपचार तथा स्टॉर्म वॉटर मैनेजमेंट के क्षेत्र में कार्यरत प्रोफेशनल्स का एक अग्रणी संगठन है। आइवा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर इंटरनेशनल वाटर एसोसिएशन (IWA), अमेरिकन वाटर वर्क्स एसोसिएशन (AWWA) और जापान वाटर वर्क्स एसोसिएशन (JWWA) से जुड़ी हुई है।
संगठन से जुड़े लगभग 14 हजार सदस्य देश-विदेश में सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में जल से संबंधित पर्यावरणीय, सामाजिक, संस्थागत और वित्तीय मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इनमें से साढ़े पांच हजार से अधिक सदस्य केंद्र एवं राज्य सरकारों के विभिन्न विभागों, निगमों और निकायों में जल एवं स्वच्छता से जुड़े दायित्व निभा रहे हैं।
डॉ. अनिल मेहता को सम्मानित करते हुए आइवा के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षक, वैज्ञानिक और नागरिक अभियंता के रूप में वे सस्टेनेबल वॉटर मैनेजमेंट, जल सुरक्षा, नदी, झील और तालाब संरक्षण सहित सम्पूर्ण जल चक्र पर एक समग्र और दूरदर्शी दृष्टिकोण रखते हैं। जल क्षेत्र में उनका नैतिक नेतृत्व और स्वैच्छिक सेवाकार्य पूरे देश के लिए अनुकरणीय है।
डॉ. मेहता अंतरराष्ट्रीय संस्था ग्लोबल वॉटर पार्टनरशिप की भारत इकाई आईडब्ल्यूपी के मानद सचिव, पर्यावरण मंत्रालय भारत सरकार की एक्सपर्ट अपराइजल कमिटी के विशेषज्ञ सदस्य, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि की केंद्रीय टोली सदस्य तथा झील संरक्षण समिति के सदस्य के रूप में स्थानीय, राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर जल प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुके हैं। जल संरक्षण और प्रबंधन के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों को देश-विदेश में व्यापक मान्यता मिली है।
आइवा के राजस्थान स्कंध, जयपुर सेंटर के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्य अभियंता ओ. पी. गोयल ने डॉ मेहता को मिले इस सम्मान को राजस्थान के समस्त अभियंताओं और जल विशेषज्ञों के लिए गौरव का क्षण बताया है।
—-