
पूर्वी सिंहभूम, 29 जनवरी । नगर निकाय आम चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पांडेय के नेतृत्व में वरीय प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने प्रखंड स्थित नए गोदाम परिसर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गोदाम में स्थापित डिस्पैच और रिसीविंग व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, प्रवेश और निकास प्वाइंट, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, बिजली-पानी की उपलब्धता, अग्निशमन व्यवस्था सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। प्रशासन की ओर से बताया गया कि इसी गोदाम से मानगो नगर निगम, नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्रों के लिए चुनाव सामग्री का वितरण एवं मतदान के बाद वापसी का कार्य किया जाएगा।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निकाय आम निर्वाचन में लोकसभा और विधानसभा चुनावों की तर्ज पर ही चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। मतदान केंद्रों से लेकर स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल तक 24 घंटे सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
एसएसपी पीयूष पांडेय ने बताया कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल के साथ-साथ केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की भी तैनाती की योजना बनाई गई है। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए जाएंगे।








