gog

कोलकाता, 29 नवंबर । कोलकाता पुलिस की साइबर सेल ने पूर्व क्रिकेटर सौरव गांगुली की पत्नी और नृत्यांगना डोना गांगुली के साथ सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणियों की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। डोना ने सोशल मीडिया पर लगातार हो रही बॉडी शेमिंग और अश्लील टिप्पणियों को लेकर एक फेसबुक पेज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। यह मामला कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह के दौरान उनके नृत्य प्रदर्शन के बाद से बढ़ा था।

डोना ने शुरुआत में बुधवार को ठाकुरपुकुर थाने में शिकायत दी थी। कोलकाता पुलिस की ओर से शनिवार सुबह जारी एक बयान में बताया गया है कि मामला लालबाजार स्थित साइबर सेल को सौंप दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत में लगातार की गई अश्लील टिप्पणियों और आपत्तिजनक पोस्ट का उल्लेख है। पुलिस ने ‘अज्ञात व्यक्ति’ के खिलाफ औपचारिक मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू हो चुकी है। जांच अधिकारी अब फेसबुक से उस पेज का विवरण मांगेंगे जो इन टिप्पणियों के लिए जिम्मेदार बताया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग, अभद्र टिप्पणियां और नफरत फैलाने वाले संदेश साइबर अपराध की श्रेणी में आते हैं। कई लोग यह समझते ही नहीं कि यह अपराध है, जबकि कई अच्छी तरह जानते हुए भी ऐसा करते हैं। पुलिस का कहना है कि अज्ञानता किसी को दोषमुक्त नहीं करती।

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार शाम तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। जांच जारी है और साइबर सेल जल्द ही संबंधित सोशल मीडिया प्रोफाइल की पहचान करने की दिशा में आगे बढ़ेगी।