maus

कोलकाता, 30 जनवरी ।कोलकाता और आसपास के इलाकों में आगामी 24 घंटे के दौरान मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार की सुबह से शनिवार की सुबह तक आसमान साफ रहेगा, हालांकि सुबह के समय हल्की धुंध देखी जा सकती है।

अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है ।

मौसम विभाग ने उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के लिए जारी पूर्वानुमान में बताया है कि इन क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि सुबह के समय उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के सभी जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम कोहरे की स्थिति बन सकती है, जिससे दृश्यता 999 मीटर से घटकर 200 मीटर तक रह सकती है ।

दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार जिलों के लिए मौसम विभाग ने विशेष चेतावनी जारी की है। इन जिलों में सुबह के समय एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छाने की संभावना है, जिससे दृश्यता घटकर 199 मीटर से 50 मीटर तक रह सकती है ।

पिछले 24 घंटों में अलीपुर मौसम वेधशाला में अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय आर्द्रता 92 प्रतिशत और शाम के समय 44 प्रतिशत रही। इस अवधि में किसी भी प्रकार की वर्षा दर्ज नहीं की गई ।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है और स्थिति लगभग समान बनी रह सकती है।