तिरुवनंतपुरम, 28 मार्च । केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने त्रिवेंद्रम के इंजीनियरिंग छात्र श्यामल मंडल के अपहरण और हत्या मामले में लंबे समय से फरार घोषित आरोपित दुर्गा बहादुर भट छेत्री उर्फ दीपक को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी 2005 से फरार था और अदालत ने उसे घोषित अपराधी करार दिया था।
सीबीआई ने इस मामले को 2008 में केरल उच्च न्यायालय के आदेश पर पुनः दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामला श्यामल मंडल के लापता होने, फिर उसके पिता को फिरौती कॉल आने और अंततः 23 अक्टूबर 2005 को थिरुवल्लम क्षेत्र में वेल्लार के पास उसका शव मिलने से जुड़ा है। जांच में सामने आया कि हत्या दुर्गा बहादुर भट छेत्री और उसके सहयोगी मोहम्मद अली ने की थी।
सीबीआई ने दोनों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। मोहम्मद अली को 2022 में दोषी ठहराया गया, जबकि दुर्गा बहादुर भट छेत्री जांच के दौरान ही फरार हो गया था। लगातार प्रयासों के बाद सीबीआई को खुफिया जानकारी मिली और सत्यापन के बाद आरोपी को नागपुर से 27 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए खुद को सुराज बी भट के नाम से पेश किया, शादी की और नागपुर में बस गया। गिरफ्तार आरोपी को अब एर्नाकुलम की अधिकारिक अदालत में पेश किया जाएगा।
