Oplus_16908288
धनबाद, 07 मार्च। देश के सबसे अधिक राजस्व देने वाले रेल मंडलों में शामिल ईस्ट सेंट्रल रेलवे के धनबाद रेल मंडल में शुक्रवार शाम केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने वरीय मंडल विद्युत अभियंता संजीव कुमार को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद सीबीआई की विशेष टीम उन्हें अपने साथ ले गई।
बताया जाता है कि यह कार्रवाई एक रेल संवेदक अवजीत झा की शिकायत के आधार पर की गई। शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने धनबाद रेल मंडल में विद्युत सामग्री लगाने का कार्य किया था, जिसका बिल लगभग 45 लाख रुपये का था। आरोप है कि इस बिल के भुगतान के बदले संबंधित अभियंता द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।
संवेदक की शिकायत के सत्यापन के बाद सीबीआई ने जाल बिछाकर अभियंता को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए नाटकीय ढंग से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई टीम ने देर रात तक अभियंता के कार्यालय और आवास पर तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान सीबीआई ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य और एक प्रिंटर जब्त किए हैं, जिन्हें जांच के लिए अपने साथ ले जाया गया है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे सीबीआई के डीएसपी विकास कुमार पाठक ने संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और मामले की आगे की जांच की जा रही है।
