
हजारीबाग, 31 जनवरी। झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस ने नशा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोर्रा थाना क्षेत्र से ब्राउन शुगर तस्करी में संलिप्त सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 166.5 ग्राम ब्राउन शुगर, ₹3,51,700 नकद, छह मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली थी कि कोर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगवां हवाई अड्डा के समीप ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए कुछ लोग एकत्र होने वाले हैं। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर), हजारीबाग के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल ने नगवां हवाई अड्डा क्षेत्र एवं काठी नेशन होटल के पीछे स्थित एक खंडहरनुमा मकान के पास से सभी आरोपियों को पकड़कर तलाशी ली, जहां से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ और नकद राशि बरामद हुई।
गिरफ्तार अभियुक्तों में सावन कुमार (19), संतोष कुमार (33), प्रशांत कुमार (28), अनिल कुमार (34), संतोष कुमार साव (36), योगेश प्रसाद (33) और धर्मेन्द्र कुमार सिंह (27) शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि ये अभियुक्त चतरा जिले से ब्राउन शुगर लाकर हजारीबाग के विभिन्न इलाकों में इसकी बिक्री करते थे। गिरफ्तार अभियुक्तों में संतोष कुमार साव को गिरोह का मुख्य पैडलर बताया गया है।
पुलिस ने बताया कि सभी अभियुक्तों के विरुद्ध कोर्रा थाना में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।






