
बोकारो, 4 फरवरी। बोकारो पुलिस ने जरीडीह थाना क्षेत्र में भारी मात्रा में विदेशी शराब की तस्करी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 4 हजार लीटर विदेशी शराब और 8 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक, बोकारो को 2 फरवरी को गुप्त सूचना मिली थी कि बालीडीह की ओर से एक ट्रक में अवैध विदेशी शराब लोड कर उसे जैनामोड़ फोरलेन चौक के आगे ‘सुगर एंड स्पाइस होटल’ के पास एक गली में खड़ा किया गया है। वहां से छोटे वाहनों के माध्यम से अलग-अलग इलाकों में शराब की सप्लाई की जा रही थी।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस निरीक्षक, जरीडीह अंचल के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान एक ट्रक, एक पिकअप वाहन सहित अन्य वाहनों से कुल 433 कार्टून, लगभग 4 हजार लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने मौके से शराब बिक्री से जुड़े 8 लाख रुपये नकद भी जब्त किए हैं। इसके अलावा एक ट्रक, पिकअप वाहन, हुंडई क्रेटा कार और एक टेम्पू को भी जब्त किया गया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि यह संगठित तस्करी का मामला प्रतीत होता है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।






