Oplus_16908288

Oplus_16908288

धनबाद, 15 फ़रवरी । धनबाद के बैंक मोड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पंडरपाला स्थित राजेंद्र ग्राउंड के समीप रविवार सुबह नाले से पुलिस ने एक अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद किया है। देखते ही देखते आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी बैंक मोड़ पुलिस को दी।

जानकारी मिलते ही बैंक मोड़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया और जांच पड़ताल में जुट गई। मृतक की पहचान पंडरपाला निवासी आफताब खान (45) के रूप में हुई है। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।

मौके पर पहुंचे मृतक के छोटे भाई अनवर खान ने बताया कि आफताब की मानसिक स्थिति लंबे समय से ठीक नहीं थी और उनका इलाज चल रहा था। वह अक्सर घर से निकलकर इधर-उधर भटक जाते थे। पिछले दो दिनों से वह घर नहीं लौटे थे।

वहीं बैंक मोड़ थाना के एसआई सुनील कुमार रवि ने बताया कि राजेंद्र ग्राउंड के पास नाले में शव पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई थी। पहचान के बाद परिजनों को बुलाया गया। स्थानीय लोगों एवं परिजनों ने भी बताया कि मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। प्रथम दृष्टया आशंका है कि भटकते हुए वह नाले की ओर चले गए होंगे और संभवतः फिसलकर गिरने से उनकी मौत हो गई।

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।