पलामू, 23 फ़रवरी । पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) रेल मंडल अंतर्गत बीडी सेक्शन के हैदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बहेरा गांव के समीप रेलवे पटरी पर ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। घटना पोल संख्या 360/09ए के पास घाटी क्षेत्र में हुई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर जपला आरपीएफ पोस्ट एवं हैदरनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने साेमवार शाम बताया कि प्रारंभ में महिला की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में उसकी शिनाख्त बिहार के रोहतास जिला के नासरीगंज के पटरी गांव की निवासी 32 वर्षीया सुषमा देवी के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार सुषमा मानसिक रूप से विक्षिप्त थी और परिवार के सदस्यों के साथ देवी धाम में झाड़-फूंक व इलाज कराने आई थी। इसी दौरान मौका देखकर वह परिजनों को छोड़ रेलवे ट्रैक की ओर भाग गई, जहां ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी दी कि सुषमा देवी नामक महिला परिजनों के साथ हैदरनगर देवी धाम आयी थी। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। रात्रि में किसी तरह परिजनों को छोड़ कर निकल गई और हादसे का शिकार हो गई।
