
मेदिनीपुर, 03 फ़रवरी । पश्चिम बंगाल में आगामी चुनाव को लेकर मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से पश्चिम मेदिनीपुर के केशियाड़ी थाना के सामने मंगलवार को निर्वाचन आयोग की ओर से ईवीएम और वीवीपैट का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान मतदाताओं को हाथों-हाथ यह समझाया गया कि मतदान के समय मशीन का सही तरीके से उपयोग कैसे करना है।
निर्वाचन आयोग की इस पहल के तहत सुनवाई और अन्य कार्यों से थाना पहुंचे लोगों को ईवीएम तथा वीवीपैट दिखाकर मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि मतदाता किस प्रकार अपने पसंदीदा उम्मीदवार के प्रतीक वाला बटन दबाएंगे और वीवीपैट में संबंधित प्रतीक की पर्ची दिखाई दे रही है या नहीं, इसकी पुष्टि कैसे करनी है—इसका प्रत्यक्ष अभ्यास कराया गया।
कई मतदाताओं ने मौके पर ही मतदान की पूरी प्रक्रिया को समझा। साथ ही ईवीएम और वीवीपैट को लेकर उनके सवालों और सुझावों को भी सुना गया।
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि मतदाताओं का भरोसा बढ़ाने और भ्रम दूर करने के लिए इस तरह का जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि हर मतदाता निडर होकर और पूरी समझ के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।








