पूर्व मेदिनीपुर, 20 मार्च । जिले के महिषादल विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के भीतर जारी असंतोष के बीच विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि महिषादल थाने के एक पुलिस अधिकारी ने भाजपा नेता विश्वनाथ बनर्जी पर तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने का दबाव बनाया।
शुक्रवार सुबह शुभेंदु अधिकारी विश्वनाथ के घर पहुंचे और करीब 40 मिनट तक बैठक की। इसके बाद उन्होंने महिषादल थाने जाकर पुलिस अधिकारियों से भी बातचीत की। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस को निष्पक्ष रहकर काम करना चाहिए और किसी राजनीतिक दल के प्रभाव में नहीं आना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी घटनाएं होने पर चुनाव आयोग में शिकायत की जाएगी।
हालांकि, पुलिस की ओर से इन आरोपों को निराधार बताया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस तरह की कोई जानकारी उनके पास नहीं है।
गौरतलब है कि टिकट नहीं मिलने के बाद विश्वनाथ बनर्जी ने 16 मार्च को भाजपा को ‘कॉरपोरेट संस्था’ करार देते हुए नाराजगी जताई थी। हालांकि, शुभेंदु अधिकारी के साथ बैठक के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि वह भाजपा में ही बने रहेंगे।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार तिलक कुमार चक्रवर्ती ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी “ताश के पत्तों की तरह बिखर रही है” और ऐसे असंतोष को दबाव से नहीं रोका जा सकता।
