प्‍लास्टिक की थैलियां

बीकानेर, 7 फरवरी 2025।  पर्यावरण संरक्षण एवं बीकानेर मिलिट्री स्टेशन को प्लास्टिक-मुक्त क्षेत्र बनाने के उद्देश्य से आर्मी की 267 इंजीनियर रेजिमेंट ने एक सराहनीय पहल करते हुए लगभग 60 किलोग्राम उपयोग में आ चुकी पॉलीथिन थैलियां स्वैच्छिक संस्था ‘अवर फॉर नेशन ’ को सौंपीं। यह पहल स्टेशन को प्लास्टिक-मुक्त बनाने की निरंतर चल रही मुहिम का हिस्सा है।

इस अवसर पर ‘Hour for Nation’ की ओर से महिला प्रतिनिधि श्रीमती वंदना शर्मा एवं सुश्री कपिला सरस्वत उपस्थित रहीं। उन्होंने सेना के अधिकारियों और यूनिट सदस्यों को संस्था की स्थापना, उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली की जानकारी दी तथा बताया कि किस प्रकार जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा दिया जा रहा है।

सैन्य पक्ष से कार्यक्रम में यूनिट की फैमिली वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की चेयरपर्सन श्रीमती पूनम जाधव, प्रथम महिला श्रीमती मेघा शर्मा सहित यूनिट की महिला सदस्य एवं महिला अधिकारी उपस्थित रहीं। सभी ने सक्रिय सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

रेजिमेंट द्वारा एकत्रित प्लास्टिक कचरे को ‘Hour for Nation’ संस्था द्वारा पर्यावरण अनुकूल तरीकों से पुनर्चक्रित कराया जाएगा। इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि यह पहल भारतीय सेना की हरित सोच को दर्शाती है और समाज में स्वच्छता एवं पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार को प्रोत्साहित करती है।

कार्यक्रम के दौरान दोनों संस्थाओं ने भविष्य में भी आपसी सहयोग से इस प्रकार के अभियानों को निरंतर जारी रखने एवं जनजागरूकता बढ़ाने पर सहमति जताई। यह पहल न केवल स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में एक सशक्त कदम है, बल्कि सिविल-मिलिट्री सहभागिता का प्रेरणादायी उदाहरण भी प्रस्तुत करती है।