d

दक्षिण 24 परगना, 26 अप्रैल । दक्षिण 24 परगना जिले के भांगड़ इलाके में बम विस्फोट मामले के एक फरार आरोपित को घर लौटते ही स्थानीय लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। लोगों ने उसे पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। घटना शनिवार शाम दक्षिण बामुनिया इलाके के चक मरिचा तेतुलतला घाट क्षेत्र में हुई।

बताया जा रहा है कि 19 मार्च को भांगड़ के बामुनिया इलाके में बम विस्फोट की घटना हुई थी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी। माना जा रहा है कि बम बनाते समय यह विस्फोट हुआ था। इस मामले में तृणमूल नेता वहीदुल इस्लाम का नाम सामने आया था। घटना के बाद से वह फरार चल रहे थे और उनकी तलाश राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) कर रही थी।

शनिवार शाम ओहिदुल इस्लाम के इलाके में आने की खबर मिलते ही स्थानीय लोग उन्हें घेरकर मारने लगे। बताया गया कि वह चालता बेरिया इलाके से एक चार पहिया वाहन में जा रहा था, तभी लोगों ने उसे पकड़ लिया और पिटाई कर दी।

बाद में सूचना मिलने पर विजयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल वहीदुल इस्लाम को लोगों के चंगुल से छुड़ाया। प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें नालमुड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

वहीं इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) का दावा है कि ओहिदुल इस्लाम ही बम विस्फोट मामले के मुख्य आरोपित हैं और लंबे समय से फरार थे। शनिवार को उन्हें इलाके में देखकर लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।