JEE-advanced-logo 01

उदयपुर, 24 अप्रैल। देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस्ड 2026 के रजिस्ट्रेशन से जुड़ी महत्वपूर्ण अपडेट जारी की गई है। आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचना के अनुसार, पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों को होने वाली तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष सहायता सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

उदयपुर के शिक्षाविद शैलेन्द्र सोमानी ने बताया कि यदि किसी छात्र को रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरते समय दस्तावेज़ अपलोड करने, भुगतान करने, लॉगिन करने या किसी अन्य तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ता है, तो वे वेबसाइट पर दिए गए “रजिस्ट्रेशन रिलेटेड इश्यूज” सेक्शन में जाकर अपनी शिकायत या प्रश्न दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद संबंधित टीम द्वारा उसी पोर्टल के माध्यम से समस्या का समाधान उपलब्ध कराया जाएगा।

छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को समझाने के लिए एक विस्तृत वीडियो गाइड भी जारी की गई है। यह वीडियो कई भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे विद्यार्थी चरणबद्ध तरीके से पूरी प्रक्रिया को आसानी से समझ सकें और बिना गलती के फॉर्म भर सकें।

सोमानी ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर लें। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की समस्या आए तो घबराने की बजाय तुरंत पोर्टल पर उपलब्ध सहायता सुविधा का उपयोग करें। उन्होंने विद्यार्थियों से सतर्कता, धैर्य और आत्मविश्वास के साथ तैयारी जारी रखने की अपील की और कहा कि सही समय पर लिया गया सही निर्णय ही सफलता की पहली सीढ़ी होता है।