murder12

खूंटी, 19 अप्रैल । अड़की थाना के बीरबांकी-घाघरा रोड पर रविवार सुबह पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया है। मृतक की पहचान अड़की थाना क्षेत्र के कोटोबेड़ा गांव निवासी 35 वर्षीय चमरा मुंडा के रूप में की गई है। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला लगता है। उसकी हत्या पत्थर से कूच कर की गई है।

मृतक के सिर के पीछे गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह गांव के लोग टहलने निकले थे, तभी सड़क किनारे नदी से कुछ दूरी पर युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चमरा मुंडा शनिवार को अपनी बाइक से बीरबांकी साप्ताहिक हाट गया था। वहां कुछ लोगों ने उसे अत्यधिक नशे की हालत में गिरा हुआ देखा था। आशंका जताई जा रही है कि उसी दौरान या बाद में अज्ञात अपराधियों ने पत्थर से कूच कर उसकी हत्या कर दी।