चोरी का खुलासा

पश्चिमी सिंहभूम, 13 अप्रैल । झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा बाजार में दो मोबाइल दुकानों में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर उद्भेदन कर दिया।

सोमवार को मामले की जानकारी देते हुए बड़ाजामदा थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने बताया कि 11 अप्रैल को दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनके आधार पर संदिग्ध युवकों की पहचान की गई।

जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चोरी में शामिल कुछ युवक बोकना गांव के पास जंगल में छिपे हुए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी अभियान चलाया और मौके से तीन नाबालिगों को निरुद्ध कर लिया।

आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए छह मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि बाकी मोबाइलों की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है और मामले में अन्य संभावित आरोपितों की तलाश भी की जा रही है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि चोरी की इस घटना में किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता हो सकती है, जिसकी जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, 10 अप्रैल की देर रात अज्ञात चोरों ने बड़ाजामदा बाजार स्थित दो मोबाइल दुकानों का ताला तोड़कर करीब 10 मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। घटना के बाद 11 अप्रैल को दुकानदारों ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों नाबालिगों को चाईबासा स्थित बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।