खूंटी, 10 अप्रैल । खूंटी थाना क्षेत्र में बाइक चोरी के एक मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की गई स्प्लेंडर बाइक बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, खूंटी थाना में 08 अप्रैल 2026 के तहत दर्ज मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने यह सफलता हासिल की। 06 अप्रैल की रात झोपड़ी मार्केट, खूंटी से एक स्प्लेंडर बाइक चोरी हो गई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पतरा मैदान इलाके में छापेमारी की, जहां से तीनों आरोपितों को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद बाइक का नंबर जेएच01एफआर-7794 है, जबकि उसका चेसिस नंबर एमबीएलएचएडब्ल्यू 223आरएचएफ 69265 बताया गया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सोनू राम (23), बजरंग कुमार (23) और प्रिंस कुमार उर्फ चिंटू (19) के रूप में हुई है। तीनों आरोपित खूंटी थाना क्षेत्र के ही निवासी हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि 06 अप्रैल की शाम वे जगन्नाथपुर मंदिर के पास ब्राउन शुगर का नशा करने गए थे। देर रात लौटते समय झोपड़ी मार्केट में खड़ी एक स्प्लेंडर बाइक सुनसान जगह पर देख उन्होंने उसे चोरी कर लिया और उसका इस्तेमाल करने लगे।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने किया, जिसमें थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस अब आरोपितों से अन्य मामलों में भी पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
