हजारीबाग, 06 अप्रैल । रामनवमी पर्व के दौरान निकली शोभायात्रा में हुई चाकूबाजी की घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक को निरुद्ध किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गत 27 मार्च को दारू थाना क्षेत्र के दारू चौक स्थित काली मंदिर के पास रामनवमी जुलूस के दौरान गुलाब कुमार पर चाकू से हमला किया गया था।
घटना के बाद उसेे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां स्थिति गंभीर होने पर रिम्स रेफर किया गया। बाद में परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित काे अप्रैल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। आगे की कार्रवाई में शेष आरोपितों की तलाश जारी रखते हुए दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया गया और एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि जुलूस के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपितों ने मिलकर गुलाब कुमार को पकड़ लिया और एक आरोपित ने धारदार चाकू से कई वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
गिरफ्तार आरोपितों में आकाश कुमार ( 21), विशाल कुमार ( 25 ) मनीष कुमार (17) शामिल हैं, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। सभी आरोपित दारू थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
