बीकानेऱ 31 मार्च। बीकानेर शहर के मोहता चौक क्षेत्र में बारहमासी गणगौर उत्सव के अवसर पर पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य से सजी सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम बद्रीदास जोशी उर्फ बली महाराज के निवास पर आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं एवं समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में गणगौर माता के लोकगीतों पर प्रस्तुत पारंपरिक नृत्यों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया और पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने गणगौर माता की आराधना करते हुए सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर बीकानेर की जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि भी मौजूद रहीं। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आयोजन से जुड़ी सुमन ओझा जोशी ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम समाज में एकता को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं।
कार्यक्रम में सामूहिक सहभागिता और सांस्कृतिक एकता की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
