कोडरमा, 31 मार्च । कोडरमा थाना पुलिस ने मंगलवार की सुबह कोडरमा घाटी के मेघातरी स्थित पैरी माइंस के समीप सड़क किनारे जंगल से एक अज्ञात महिला का अर्धनग्न अवस्था में शव बरामद किया है। मृत महिला की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है।
लोगों ने आशंका जताया है कि महिला की अन्यत्र हत्या कर शव को बोरे में डालकर किसी वाहन से वहां फेंक दिया गया। मंगलवार की सुबह मेघातरी के कुछ ग्रामीण जब सड़क किनारे टहल रहे थे, तो उन्हें प्लास्टिक के बोरे में कुछ दिखाई पड़ा। जब वे लोग नजदीक गए तो उन्होंने देखा कि वहां महिला का पैर बोरे से बाहर निकला हुआ था। जिसके बाद उन्होंने आसपास के ग्रामीणों को वहां इकट्ठा कर लिया। वहीं इसकी जानकारी कोडरमा पुलिस को भी दी। घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन कर रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पूरे मामले की गहन जांच पड़ताल की जा रही है।
उल्लेखनीय कि अभी एक महीने पूर्व ही कोडरमा थाना क्षेत्र के ही जेजे कॉलेज के ठीक सामने होली फैमिली अस्पताल के बाउंड्री वॉल के अंदर इसी प्रकार से एक अर्धनग्न अवस्था में एक महिला का शव बरामद किया गया था। महिला का सिर भी गायब था, जिसकी अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। एक बार फिर इस प्रकार शव के मिलने से लोगों में यह चर्चा का विषय बना हुआ है।
