p

सिलीगुड़ी, 27 मार्च । रामनवमी के अवसर पर पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में सांप्रदायिक सौहार्द की अनोखी तस्वीर देखने को मिली। शहर के हिलकार्ट रोड पर निकले भव्य जुलूस में राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर एकता का संदेश दिया गया।

तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार तथा सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव ने जुलूस में हिस्सा लिया और भाजपा मंच पर पहुंचकर सभी को रामनवमी की शुभकामनाएं दी।

इस दौरान उन्होंने भाजपा उम्मीदवार शंकर घोष को देखकर “जय श्री राम” के नारे लगाए, जिस पर भाजपा नेता ने भी नमस्कार कर अभिवादन किया। वहीं, गौतम देव ने भाजपा के जिलाध्यक्ष अरुण मंडल को गले लगाकर शुभकामनाएं दी। साथ ही जुलूस में मौजूद विभिन्न संगठनों, जिसमें बंगीय हिंदू मंच के कार्यकर्ता भी शामिल थे, उनसे भी मुलाकात कर बधाई दी। पूरे जुलूस के दौरान गौतम देव कभी राम का झंडा थामे नजर आए तो कभी “जय श्री राम” के जयकारे लगाते दिखे।

खोरीबाड़ी में रामनवमी के अवसर पर एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। यहां निकले भव्य जुलूस में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार एक साथ शामिल हुए और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।

फांसीदेवा सीट से भाजपा उम्मीदवार दुर्गा मुर्मू और तृणमूल उम्मीदवार रीना टोप्पो एक्का ने जुलूस में भाग लेते हुए कहा कि धार्मिक आस्था के इस पर्व में राजनीति से ऊपर उठकर एकजुटता दिखाना जरूरी है। दोनों नेताओं ने राम को शांति, सद्भाव और एकता का प्रतीक बताया। जुलूस में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए और पूरे इलाके में उत्सव का माहौल रहा। हालांकि, पुलिस की मौजूदगी के बावजूद तेज डीजे और कुछ लोगों द्वारा हथियारों के प्रदर्शन को लेकर सवाल भी उठे है, जिससे कानून-व्यवस्था और आचार संहिता के पालन पर चर्चा तेज हो गई है।

रामनवमी के इस आयोजन में सिलीगुड़ी से जो तस्वीर सामने आई, उसने यह संदेश दिया कि त्योहारों के अवसर पर राजनीतिक भिन्नताओं को भुलाकर एकता और भाईचारे को प्राथमिकता दी जा सकती है।