जहां राम,वहां मंगल पं श्रीकांत शर्मा 'बाल व्यास'

न्यूटाउन राम मंदिर सभागार का उद्घाटन, भक्ति और सेवा का संदेश

कोलकाता, 24 मार्च। न्यूटाउन स्थित राम मंदिर के वातानुकूलित सभागार का उद्घाटन बजरंग लाल काजड़िया चैरिटी ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित समारोह में संपन्न हुआ। इस अवसर पर भागवताचार्य पंडित श्रीकांत शर्मा ‘बाल व्यास’ ने अपने उद्बोधन में भगवान राम के जीवन प्रसंगों के माध्यम से भक्ति, सेवा और विनम्रता का महत्व समझाया।

उन्होंने कहा कि वनवास के दौरान भगवान राम ने सीता की खोज के लिए किसी ऋषि-मुनि से नहीं, बल्कि भक्त शबरी से मार्गदर्शन लिया। शबरी के बताए अनुसार ही राम ने सुग्रीव से मित्रता कर सीता का पता लगाया। उन्होंने नवधा भक्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि इनमें से किसी एक भी भक्ति का भाव रखने वाला व्यक्ति भगवान को प्रिय होता है। उन्होंने कहा कि जहां राम हैं, वहां मंगल ही होता है, चाहे वह स्थान जंगल ही क्यों न हो, और सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार कौशल किशोर त्रिवेदी, नीरज काजड़िया, विमल केजरीवाल तथा राम मंदिर न्यूटाउन ट्रस्ट के ट्रस्टी विवेकानंद सहल मंच पर उपस्थित रहे। स्वस्तिवाचन युवा शास्त्री गोविन्द शर्मा ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन महावीर प्रसाद रावत ने किया।

इस अवसर पर बताया गया कि समाजसेवी कमला प्रसाद काजड़िया के पुत्र नवीन कुमार और नीरज कुमार ने अपने पितामह बजरंगलाल एवं पितामही पन्नादेवी की पुण्य स्मृति में सभागार को वातानुकूलित कराया है। साथ ही मंदिर के संस्थापक ब्रह्मलीन पंडित सुरेश सहल की दूरदर्शिता की भी सराहना की गई, जिन्होंने लगभग 45 वर्ष पूर्व इस स्थल पर मंदिर निर्माण की नींव रखी थी।

समारोह में उपस्थित गणमान्य अतिथियों को पंडित श्रीकांत शर्मा ‘बाल व्यास’ ने स्नेहाशीष स्वरूप मुक्ताहार भेंट किए। कार्यक्रम में मुरारीलाल दीवान, निरंजन कुमार अग्रवाल, रवि पोद्दार, सांवरमल अग्रवाल, सुधांशु शेखर, विमल दीवान, पुरुषोत्तम तिवारी, रतनलाल अग्रवाल, हरीश तिवारी, पवन फतेहपुरिया, सुभाष खंडेलवाल, शंकर डोकानिया, कृष्ण कुमार खंडेलवाल, अशोक झा, शंकरलाल सोमानी, अजय मिश्र, पवन बजाज सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

महिलाओं में श्रीकृष्ण तुलस्यान, यादव कुमार चनानी, किरण शर्मा, सुशील चांगिया, कृष्ण कुमार मुरारका, सुभाष सांवलदावाला, श्रीमती सुधा अग्रवाल, सावित्री देवी रावत, श्रुति काजड़िया, सुशीला चनानी, अवंतिका काजड़िया, कमला केजरीवाल, गायत्री बजाज और माण्डवी मिश्रा की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। अंत में धन्यवाद ज्ञापन महावीर बजाज ने किया।