10d03e1b751bed28704a9562d187a2c8_754894344

दक्षिण 24 परगना, 01 मार्च । महेशतला के एक अभिजात आवासीय परिसर में रविवार को आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद शुरुआती तौर पर आवास के निवासियों ने ही आग बुझाने की कोशिश की। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

जानकारी के अनुसार, इडेन सिटी आवास के ई-4 टावर की चौथी मंज़िल पर आग लगी। आग की खबर मिलते ही भयभीत निवासी नीचे उतर आए। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। घटना की सूचना पाकर महेशतला थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ई-4 टावर की चौथी मंज़िल से घना काला धुआं निकलता देखा गया। परिसर में कई ब्लॉक हैं। जिस टावर में आग लगी, वहां दीवारों पर काले धब्बे पड़ गए। घटनास्थल पर सीईएससी के कर्मचारी भी पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनज़र संबंधित टावर की बिजली आपूर्ति काट दी गई।

बताया गया कि जिस फ्लैट में आग लगी, उसका बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया। हालांकि, आग लगने के समय फ्लैट के निवासी बाहर थे, इसलिए किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।