240 को मिलेंगे चश्मे, 70 के होंगे निशुल्क ऑपरेशन
कोलकाता, 1 मार्च। 2026। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता की ओर से रविवार को तीन स्थानों पर नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया।
एक शिविर तपोसिल आदिवासी जाति के सहयोग से श्यामनगर में, एक शिविर भारत सेवाश्रम संघ के सहयोग से सिंगूर में तथा एक शिविर सालाकिया किशोर संघ के सहयोग से आर्य समाज विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया।
तीनों शिविरों में कुल मिलाकर लगभग 780 मरीजों की जांच की गई। शिविर में मरीजों की शुगर जांच, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण तथा मुफ्त दवा वितरण की भी व्यवस्था की गई थी।
आंखों की जांच के दौरान 240 मरीजों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, जबकि 70 मरीजों में मोतियाबिंद ऑपरेशन की जरूरत चिन्हित की गई। इन सभी मरीजों के ऑपरेशन कोलकाता स्थित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में निःशुल्क किए जाएंगे।
कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रह्लाद रॉय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इन शिविरों को सफल बनाने में डॉ. अनिर्बान धर, डॉ. शंकर मंडल, डॉ. मलय दास, डॉ. सुकांतो राय एवं डॉ. राजीव सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाई और अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
दिवाकर ने बताया कि प्रधान सचिव गोयनका जी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर गरीब एवं वंचित तबके के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना है।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से मात्र 120 रुपए में परामर्श लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।
नि:शुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन नि:शुल्क देने का अभियान शुरू किया है।
