डीसी-एसपी को ज्ञापन

पलामू, 17 फ़रवरी । मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र के कई मतदान केन्द्रों को अति संवेदनशील बताकर वहां बूथ कैप्चरिंग की आशंका को देखते हुए पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती कर चुनाव कराने की मांग तेज हो गयी है।

इस सिलसिले में पूर्व मेयर और वर्तमान में भाजपा समर्थित महापौर प्रत्याशी अरुणा शंकर, पलामू के सांसद वीडी राम, पांकी विधायक शशिभूषण मेहता, डालटनगंज विधायक आलोक चौरसिया, पूर्व मंत्री और नगर निगम चुनाव प्रभारी भानु प्रताप शाही और जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी, पूर्व उपमहापौर राकेश कुमार सिंह की पत्नी एवं मेयर प्रत्याशी रिंकू सिंह ने मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त समीरा एस और पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन से मिलकर ज्ञापन सौंपा।

मौके पर सांसद वीडी राम ने कहा कि स्वच्छ और निष्पक्ष चुनाव की जरूरत है। 46 बूथों पर गड़बड़ी की आशंका है। ऐसे में इन बूथों पर पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की मांग की गई है। आरोप लगाया कि मतदाताओं में भय का माहौल बनाया जा रहा है। उन्हें उनकी इच्छानुसार वोट डालने के लिए माहौल बनाने की जरूरत है। उन्होंने सभी बूथ पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की।

पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही ने कहा कि उम्मीदवारों के कार्यकर्ताओं को धमकी दी जा रही है। वोटिंग राइट को रोकने का प्रयास किया जा रहा है। माहौल डरावना बनाया जा रहा है। जिला पुलिस और होमगार्ड जवान से बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था संभव नहीं है। उनके रहने पर बूथ लूटने की तैयारी है। ऐसे में अर्द्वसैनिक बलों की तैनाती की जानी चाहिए।

वहीं पूर्व मंत्री के एन त्रिपाठी ने फ्री एंड फेयर चुनाव कराने के लिए मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र के सभी बूथों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और सीआरपीएफ की तैनाती करने की मांग की है। उन्होंने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त को समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय में मांग पत्र सौंपा।

उल्‍लेखनीय है कि त्रिपाठी की पुत्री नम्रता त्रिपाठी मेयर पद की कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी हैं।

पूर्व मंत्री त्रिपाठी ने सभी 11 उम्मीदवारों को सुरक्षा देने की मांग की है। उन्होंने भी चुनाव में भय का माहौल बनाने की बात कही। कहा कि कार्यकर्ताओं को धमकी दी जा रही है। ऐसे में फ्री एंड फेयर चुनाव की संभावना कम दिखती है। आशंका जतायी कि 15 से 16 अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर बूथ लूटने की घटना हो सकती है।