fcgfg

मुर्शिदाबाद, 02 फ़रवरी । माध्यमिक परीक्षा 2026 के पहले ही दिन मुर्शिदाबाद जिले से एक प्रेरणादायक घटना सामने आई है। परीक्षा देने जाते समय गंभीर हादसे का शिकार होने के बावजूद एक छात्रा ने हिम्मत नहीं हारी और अस्पताल में ही बैठकर परीक्षा देकर मिसाल कायम की।

सोमवार सुबह बेलडांगा थाना अंतर्गत शरतपल्ली हाई स्कूल की छात्रा आज़मा खातून माध्यमिक की पहली परीक्षा देने के लिए बेलडांगा कुमारपुर हाई स्कूल जा रही थीं। रास्ते में जिस टोटो वाहन से वह सफर कर रही थीं, वह अचानक पलट गया। हादसे में आज़मा गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनका एक पैर टूट गया।

स्थानीय लोगों की तत्परता से उन्हें तुरंत बेलडांगा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था की गई। गंभीर चोट के बावजूद आज़मा ने परीक्षा में बैठने की इच्छा जाहिर की। इसकी जानकारी मिलते ही ब्लॉक प्रशासन ने तुरंत पहल की।

प्रशासन की ओर से बेलडांगा अस्पताल में ही विशेष व्यवस्था कर आज़मा खातून की परीक्षा आयोजित की गई। ताकि परीक्षार्थी को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए। पूरे मामले की निगरानी बेलडांगा–(एक) ब्लॉक के बीडीओ रथींद्रनाथ अधिकारी ने स्वयं की।

घायल अवस्था में भी परीक्षा में शामिल होकर आज़मा खातून ने न सिर्फ साहस का परिचय दिया, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बन गईं।