onkar

श्रीनगर, 02 फरवरी। पूरे कश्मीर में रात के तापमान में मामूली वृद्धि हुई श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसमी औसत से तीन डिग्री अधिक है। कश्मीर में 40 दिनों की सबसे कठोर सर्दियों की अवधि ‘चिल्लई कलां’ की समाप्ति के बाद से श्रीनगर शहर में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे लेकिन लगातार बढ़ रहा है।

बारामूला जिले में गुलमर्ग का स्की रिसॉर्ट शून्य से 8 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान के साथ जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अन्य स्थानों में, काजीगुंड का न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री, कोकेरनाग का न्यूनतम तापमान शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे और कुपवाड़ा का न्यूनतम तापमान शून्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

घाटी में 40 दिनों की सबसे कठोर सर्दियों की अवधि ‘चिल्लई-कलां’ की समाप्ति के बाद शनिवार को 20 दिवसीय ‘चिल्लई खुर्द’ (छोटी ठंड) शुरू हुई। चिल्लई खुर्द के बाद 10 दिवसीय ‘चिल्लई बच्चा’ मनाया जाएगा। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान जताया है।