
CREATOR: gd-jpeg v1.0 (using IJG JPEG v62), quality = 75
पलामू, 27 जनवरी । सांप के डंसने से पत्नी की मौत होने पर पति ने ओझा-गुनी के संदेह में भूत प्रेत लगाकर मार डालने की आशंका जताते हुए एक बुजुर्ग की लाठी-डंडे से पीट पीट कर हत्या कर दी।
शव आरोपित के घर के पीछे से बरामद किया गया। घटना पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र के रंगेया पंचायत के चुनका गांव के धंगरडीहा टोला में रविवार को हुई। सोमवार शाम बुजुर्ग का शव एक अर्द्धनिर्मित मकान से बरामद किया गया। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम एमएमसीएच में किया गया। मृतक की पहचान धंगरडीहा टोला निवासी 60 वर्षीय फगुनी भुइयां के रूप में हुई है।
मृतक के पुत्र के अनुसार फगुनी भुइयां रविवार को गांव में निकले थे, लेकिन लौट कर घर नहीं आए। मां के कहने पर पिता की खोजबीन शुरू की। सोमवार शाम 4 बजे सूचना मिली कि उसके पिता की हत्या कर दी गयी है। मृतक के घर से 400 मीटर दूर एक अर्द्धनिर्मित मकान में शव मिला।
पुत्र ने जानकारी दी कि उसके पिता झाड़ फूंक करते थे। कुछ माह पूर्व गांव के कर्मदेव भुइयां की पत्नी जंगल गयी थी। सांप के डंसने से उसकी मौत हो गयी थी। बावजूद कर्मदेव उसके पिता को ओझा गुनी बताकर एवं भूत प्रेत लगाकर पत्नी को मार डालने का आरोप लगाता था एवं मौका मिलने पर हत्या कर देने की धमकी दी थी। कर्मदेव के घर के पीछे ही उनके पिता का शव बरामद हुआ।
घटना की सूचना मिलने पर सोमवार देर शाम मनातू थाना प्रभारी विक्की कुमार मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। उन्होंने कहा कि ओझा-गुनी के अंधविश्वास के कारण यह वारदात हुई है। मामले की गहन जांच जारी है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। एमएमसीएच में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।








