onkar

दक्षिण दिनाजपुर, 25 जनवरी । दक्षिण दिनाजपुर के कुमारगंज में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिविजन) के काम की निगरानी करने आए एक माइक्रो ऑब्ज़र्वर के साथ मारपीट किए जाने का आरोप सामने आया है। इस घटना को लेकर पूरे इलाके में तनाव फैल गया है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि इस हमले के पीछे सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हैं।

घटना के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेता और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने सोशल मीडिया पर कड़ा रोष जताया है। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर तृणमूल कांग्रेस को निशाना बनाते हुए लिखा,

“समाजविरोधी दुष्कृतियों का इस्तेमाल कर इस तरह के हमले करना साफ दिखाता है कि तृणमूल कांग्रेस गहरे डर में है। एक संवैधानिक, पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया को बाधित करने की यह कोशिश लोकतंत्र पर सीधा हमला है। इस घटना से जुड़े सभी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग करता हूं।”

शनिवार को कुमारगंज ब्लॉक विकास विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय से सटे आईसीडीएस भवन में एसआईआर की सुनवाई चल रही थी। उसी दौरान वहां निगरानी के लिए माइक्रो ऑब्ज़र्वर पहुंचे थे। आरोप है कि दिनभर काम शांतिपूर्ण ढंग से चला, लेकिन शाम के समय अचानक तृणमूल कांग्रेस समर्थित कुछ गुंडे कैंप में घुस आए और सरकारी अधिकारी के साथ मारपीट की।

इस घटना में माइक्रो ऑब्ज़र्वर दिव्येंदु गड़ाई अस्वस्थ हो गए। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और उन्हें सुरक्षित निकालकर बीडीओ कार्यालय ले जाया गया। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

घटना के बाद कुमारगंज बीडीओ कार्यालय का गेट बंद कर दिया गया है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और लगातार गश्त जारी है। हालांकि, इस मामले पर घायल माइक्रो ऑब्ज़र्वर दिव्येंदु गड़ाई ने कोई टिप्पणी करने से इनकार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक चिन्मय मित्तल ने पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।