
कूचबिहार, 25 जनवरी ।कूचबिहार के दिनहाटा में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में बीएलओ के सिर और कान में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शनिवार को मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। घटना का एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) से कोई संबंध है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
घायल बीएलओ का नाम मनोबर हुसैन है। वह दिनहाटा के गितालदह क्षेत्र के 278 नंबर बूथ के बीएलओ के रूप में कार्यरत हैं। ‘लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी’ के कारण उनके बूथ के करीब 200 से अधिक मतदाताओं के नाम पर हियरिंग नोटिस जारी हुए थे। मनोबर हुसैन घर-घर जाकर ये नोटिस बांट रहे थे, इसी दौरान उन पर हमला होने का आरोप है।
मनोबर हुसैन का दावा है कि बीएलओ के रूप में उन्हें पसंद न किए जाने के कारण ही उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने शनिवार रात को बताया, “करीब 200 हियरिंग नोटिस आए थे। अधिकतर बांट चुका था, सिर्फ पांच बाकी थे। उन्हें देने निकला था, तभी दो बदमाशों ने धारदार हथियार से मुझ पर हमला कर दिया। बीएलओ के काम में अगर जान का खतरा रहेगा, तो यह काम नहीं करूंगा। इस बारे में जॉइंट बीडीओ से बात करूंगा।”
हालांकि, दिनहाटा के महकमा पुलिस अधिकारी धीमान मित्र ने बताया, “बाइक तेज चलाने को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद मारपीट हुई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर इस घटना का चुनावी कार्य से कोई संबंध नहीं पाया गया है।”






