60 के होंगे निशुल्क ऑपरेशन , 246 को मिलेंगे चश्मे
ओंकार समाचार
कोलकाता, 18 दिसंबर । मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी कोलकाता की ओर से रविवार, 18 जनवरी पश्चिम बंगाल तीन स्थानों पर निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविरां का आयोजन किया गया।
ये शिविर उत्तर कोलकाता के मानिकतला में सारथी क्लब के सहयोग से , डोमजूर में प्रकाश परख चैरिटेबल ट्रस्ट के तथा न्यू बैरकपुर में नेशनल कांग्रेस कमेटी के सहयोग से आयोजित किए गए।
तीनों शिविरों में कुल लगभग 1020 मरीजों की जांच की गई। मरीजों की ईसीजी, शुगर टेस्टिंग सहित सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई, निःशुल्क दवाइयां प्रदान की गईं।
नेत्र परीक्षण के दौरान 246 मरीजों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई। 60 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के योग्य पाए गए। मोतियाबिंद से ग्रसित मरीजों के ऑपरेशन कोलकाता स्थित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में किए जाएंगे।
कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रहलाद राय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इन शिविरों को सफल बनाने में डॉ. सुकांतो राय, डॉ. अनिर्बान धर, डॉ. शंकर मंडल, डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. मलय दास एवं डॉ. मिथलेश राय का सराहनीय योगदान रहा।
दिवाकर ने बताया कि प्रधान सचिव गोयनका जी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर गरीब एवं वंचित तबके के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना है।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से मात्र 120 रुपए में परामर्श लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।
नि:शुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन नि:शुल्क देने का अभियान शुरू किया है।
