19

पूर्व मेदिनीपुर, 30 नवंबर । पूर्व मेदिनीपुर के ताम्रलिप्त में राष्ट्र्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में समाज के प्रत्येक क्षेत्र तक संगठन की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ताम्रलिप्त जिले के चंडीपुर खंड में शनिवार को सामाजिक सद्भाव बैठक आयोजित की गई।

बैठक में ब्लॉक के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 120 प्रतिनिधि एवं सामाजिक वर्गों के लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम में संगठन के कार्यकर्ताओं ने बताया कि आरएसएस अपनी शताब्दी वर्ष की तैयारी के तहत गांव-गांव, घर-घर पहुंचने का संकल्प लेकर कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम में दक्षिण बंग प्रांत प्रचारक प्रशांत भट्ट ने ‘पंच परिवर्तन’ के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विचार, व्यवहार, परिवार, समाज और राष्ट्र—इन पांच स्तरों पर सकारात्मक परिवर्तन लाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि संगठन का विकास तभी सार्थक है जब कार्यकर्ता अपने जीवन में आदर्श प्रस्तुत करे और समाज में मूल्य-आधारित परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करे। उन्होंने युवा शक्ति को राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बताते हुए कहा कि सेवा, सुसंस्कार और सामाजिक समरसता ही संगठनात्मक कार्य की असली पहचान है।

संघ के कार्यकर्ताओं ने कहा कि दिसंबर माह में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत प्रत्येक घर तक संघ के संदेश को पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

बैठक में सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय चेतना और समाज के सभी वर्गों के बीच संवाद बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया।