शूटर

पलामू, 22 नवंबर । चचेरी बहन की खुदकुशी करने पर उसके प्रेमी की हत्या करने के लिए सुपारी देकर फायरिंग कराने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना के 20 दिन बाद शनिवार को शूटर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, पहने हुए कपड़े और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। यह घटना जिले के हैदरनगर हाई स्कूल के सामने हुई थी। घटना के अनुसार नीरज चन्द्रवंशी पर गोली चलायी गयी थी। इस दौरान उसकी पीठ में गोली लगी थी। इलाज के बाद उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।

इस मामले में अनुसंधान के क्रम में सामने आया कि नीरज चन्द्रवंशी का प्रेम प्रसंग लोहरपुरवा के प्रिंस मेहता की चचेरी बहन के साथ था। वर्ष 2022 में युवती ने खुदकुशी कर ली थी। प्रिंस इसके लिए नीरज को जिम्मेवार मानता था और उसकी हत्या के लिए साथी सुमित मेहता के साथ योजना बनायी और 70 हजार रूपये की सुपारी महुअरी के आकाश कुमार सिंह उर्फ गोलू को दी।

प्लानिंग के तहत एक नवंबर की सुबह आकाश ने नीरज पर फायरिंग की, लेकिन गोली उसकी पीठ में लगी। अनुसंधान के क्रम में 21 नवंबर को महुअरी गांव से आकाश को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की पूछताछ में उसने पूरी घटना की जानकारी दी। आकाश ने गोली चलाने के बाद हथियार प्रिंस को वापस दे दिया था। वहीं प्रिंस और सुमित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। आकाश के खिलाफ हुसैनाबाद में आपराधिक मामला दर्ज है।

एसपी रीष्मा रमेशन ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में घटना की जानकारी देते हुए बताया कि गोली चलाने से पहले 10 दिनों तक नीरज की हर गतिविधि की रेकी की गयी थी। गोली चलाने के समय केवल आकाश मौजूद था। एसपी ने बताया कि प्रिंस की बहन की खुदकुशी के मामले में किसी तरह की प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी थी। नीरज पर गोली चलाने से पहले प्रिंस और नीरज के बीच मारपीट की घटना हुई थी। मामला बढने पर हत्या की कोशिश की गयी।