election

कोलकाता, 01 नवम्बर । चुनाव आयोग (ईसी) ने शनिवार को पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू कर दिया। यह प्रशिक्षण विभिन्न जिलों में जारी है और 03 नवम्बर तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद 04 नवम्बर से 04 दिसम्बर तक एसआईआर की प्रक्रिया चलेगी।

दक्षिण कोलकाता के नजरूल मंच में भवानीपुर, रासबिहारी, बालीगंज, टॉलीगंज, कसबा, जादवपुर, मेटियाब्रुज़, बेहाला पूर्व और बेहाला पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ के लिए बैचों में प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

चुनाव आयाेग ने बीएलओ के लिए 16 बिंदु दिशा-निर्देश जारी किए हैं तथा फील्ड ऑपरेशन को सुगम बनाने के लिए एक नया मोबाइल ऐप भी उपलब्ध कराया है। प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ को विशेष किट और आवश्यक दस्तावेज सौंपे गये हैंं। निर्धारित अवधि में बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन और फ़ॉर्म भरने का काम करेंगे। इस दौरान नए मतदाताओं को शामिल करने, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने और दस्तावेज अपडेट करने का दायित्व बीएलओ पर रहेगा। हालांकि, कुछ बीएलओ ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। प्रशिक्षण में शामिल एक बीएलओ ने कहा, “हमें जमीनी स्तर पर काम करना होता है, इसलिए सुरक्षा को लेकर चिंता स्वाभाविक है।

इसी तरह एक अन्य बीएलओ ने कहा कि पिछले चुनावों में जोखिम की घटनाएं देखी गई हैं, फिर भी हमें नियमों के मुताबिक बिना किसी भय के अपना काम करना है। ——-