हावड़ा, 28 सितंबर।
मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा सतपाल जी महाराज की प्रेरणा से देश भर के हर जिले में “स्वच्छ भारत अभियान” के तहत 27 एवं 28 सितंबर को स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा जा रहा है। इसी श्रृंखला में रविवार को संस्था की बंगाल प्रभारी साध्वी कालिंदी बहन जी के निर्देशन में हावड़ा जिले के रेलवे स्टेशन सलग्न नागा बाबा आश्रम प्रांगण एवं गंगा घाट की साफ सफाई की गई।
बीते दिनों कोलकाता में हुईं भीषण वर्षा एवं नदी के जलस्तर बढ़ने के कारण घाट किनारे काफी कूड़ा करकट का जमाव हो गया था जिसे संस्था के सभी स्वयं सेवकों ने मिलकर साफ किया। इसके बाद राम केष्टोपुर घाट जहां रोजाना संध्याकालीन गंगा आरती होती है, वहां भी गंगा किनारे साफ सफाई की गई। इस कार्य के लिए स्थानीय नागरिक एवं आश्रम प्रशासन ने भूरी भूरी प्रशंसा की तथा इस अभियान से प्रेरणा लेकर स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।
उल्लेखनीय है कि गत 21 सितंबर को श्री सतपाल जी महाराज के पावन जन्मोत्सव के मौके पर हरिद्वार के कार्यक्रम में जुटे हजारों की संख्या में अनुयायियों ने पूज्य महाराज जी के साथ शपथ ली थी कि वे सभी वर्ष में कम से कम 100 घंटे निस्वार्थ भाव से देश की सेवा के तहत स्वच्छता अभियान में अपना श्रम दान करेंगे एवं इस मुहिम से सौ अन्य लोगों को भी जोड़ेंगे।
