भू धसान

धनबाद, 28 सितंबर । धनबाद जिले में हो रहे कोयले के अवैध उत्खनन के कारण भू-धसान और चाल धसने की घटनाएं आम बात होती जा रही है।   इन घटनाओं में न सिर्फ लोगों के घरबार छिन रहे हैं, बल्कि इंसान अपनी जान भी गंवा रहे हैं। ताजा मामला निरसा का है। जहां रविवार को मुगमा स्टेशन रोड स्थित इंदिरा नगर में तेज आवाज के साथ जमीन फट गई। और  एक दुकान क्षतिग्रस्त हो गई।

बताया जा रहा है कि एक युवक  मनीष  अपने और अपने परिवार के जीवन यापन के लिए यहां चाट-पकौड़े की दुकान चलाता था। शनिवार रात वो दुकान बंद कर अपने घर चला गया,  सुबह जब वह दुकान पहुंचा तो देखा कि  उसकी पूरी दुकान जमीन में समा चुकी थी। गनीमत रही कि उस वक्त दुकान में कोई नही था। वरना बड़ी घटना घट सकती थी। बताया जा रहा है दुकान के ठीक पीछे ही कोयले के अवैध उत्खनन का कार्य चल रहा था। इससे आसपास की जमीन खोखली हो गई । यही कारण रही कि अचानक आज यहां जमीन फट गई।

उल्लेखनीय है कि गत शनिवार मुगमा क्षेत्र के ही चापापुर में अवैध उत्खनन के दौरान चाल गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। कोयले के अवैध उत्खनन के दौरान मारे गए युवक की पहचान पास के ही गोपालगंज गांव निवासी गाेस्वामी के रूप में हुई, जबकि अवैध उत्खनन में घायल धीवर नामक युवक अस्पताल में इलाजरत है।

इस संबंध में निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने बताया कि इसमें कोई दो राय नही है कि धनबाद में अवैध उत्खनन चल रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे धनबाद में बड़े पैमाने पर कोयले का अवैध उत्खनन चल रहा है और इसमे काफी संख्या में लोगों की जानें भी जा रही है। ऐसे में सरकार को इस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है।