राज्यपाल ने राजभवन में तैनात पुलिसकर्मियों को तुरंत परिसर खाली करने को कहा

कोलकाता, 17 जून । पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने सोमवार सुबह राजभवन में तैनात कोलकाता पुलिस के कर्मियों को तत्काल परिसर खाली करने का आदेश दिया है। राजभवन के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बोस राजभवन के उत्तरी द्वार के पास स्थित पुलिस चौकी को जन मंच में बदलने की योजना बना रहे हैं।

दरअसल पिछले हफ्ते पुलिस ने भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी और राज्य में चुनाव के बाद हुई हिंसा के पीड़ितों को बोस से मिलने के लिए राजभवन में प्रवेश करने से रोक दिया था। जबकि राज्यपाल ने इसके लिए लिखित अनुमति दी थी। इसके बाद राज्यपाल का यह आदेश आया है। गवर्नर पुलिस पर राजभवन की जासूसी का आरोप लगाते रहे हैं।