DHAN

सोना-चांदी, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक सामान पर आकर्षक ऑफर, दुकानों में सुबह से बढ़ी चहल-पहल

हजारीबाग, 06 नवंबर । दीपावली से पहले धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार को हजारीबाग का बाजार खरीदारी के लिए पूरी तरह सजकर तैयार है। शहर के प्रमुख बाजारों से लेकर छोटे-बड़े शोरूम तक आकर्षक ढंग से सजाए गए हैं। सोना-चांदी, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान, दोपहिया और चारपहिया वाहनों से लेकर मिठाई, पटाखे और पूजा सामग्री की दुकानों में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। कारोबारियों को इस बार जिले में करीब 50 करोड़ रुपये या इससे अधिक का कारोबार होने की उम्मीद है। हालांकि, वास्तविक आंकड़ा बिक्री के बाद ही सामने आएगा।

धनतेरस पर खरीदारी को शुभ मानने की परंपरा के कारण बाजार में सुबह से ही रौनक बढ़ने लगी है। ज्वेलरी कारोबारियों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए मेकिंग चार्ज में 50 से 70 प्रतिशत तक की छूट, हजारों रुपये तक कैशबैक, उपहार और आसान फाइनेंस की योजनाएं पेश की हैं। सोना-चांदी से लेकर वाहनों तक की अग्रिम बुकिंग ने कारोबारियों का उत्साह बढ़ा दिया है।

ज्वेलरी दुकानों में विशेष कलेक्शन

धनतेरस पर सोने-चांदी की खरीदारी को लेकर ज्वेलरी कारोबारियों को अच्छी बिक्री की उम्मीद है। कल्याण ज्वेलर्स, अलंकार ज्वेलर्स, शंकर ज्वेलर्स, राजकुमार एंड संस, शंभू ज्वेलर्स और तनिष्क गोल्ड सहित अन्य प्रतिष्ठानों में विशेष कलेक्शन सजाए गए हैं। ग्राहकों को मेकिंग चार्ज में 50 से 70 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। वहीं, एसबीआई कार्ड से खरीदारी करने पर दो से चार हजार रुपये तक कैशबैक का लाभ भी मिल रहा है।

वाहनों की अग्रिम बुकिंग से बढ़ा उत्साह

धनतेरस पर नया वाहन खरीदने की परंपरा के चलते दोपहिया और इलेक्ट्रिक वाहनों के शोरूम में पहले से ही बुकिंग का सिलसिला तेज है। लक्ष्मी हीरो में 340 वाहनों की अग्रिम बुकिंग की जानकारी दी गई है। हीरो शोरूम के संचालक रविंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि ग्लैमर एक्स मॉडल पर चार हजार रुपये की छूट के साथ ग्राहकों को उपहार भी दिए जा रहे हैं। अब तक इस मॉडल की 45 बाइक की अग्रिम बुकिंग हो चुकी है। अन्य दोपहिया शोरूम में भी अच्छी बुकिंग हुई है। टीवीएस शोरूम में विभिन्न मॉडलों की 35 बाइक और स्कूटी की बुकिंग दर्ज की गई है।

पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति भी ग्राहकों की रुचि बढ़ी है। चारपहिया वाहनों के शोरूम में भी धनतेरस को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं।

इलेक्ट्रॉनिक सामान पर कैशबैक और आसान किस्तों की सुविधा

टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, एसी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान की खरीदारी के लिए दुकानदारों ने आकर्षक ऑफर दिए हैं। आदित्य विजन में ग्राहकों को 45 हजार रुपये तक कैशबैक, शून्य प्रतिशत ब्याज पर फाइनेंस और आसान किस्तों पर खरीदारी की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा आकर्षक उपहार योजनाएं भी पेश की गई हैं।

बर्तन, मिठाई और पटाखों की भी खूब मांग

धनतेरस पर नए बर्तन खरीदने की परंपरा को देखते हुए दुकानों में पीतल, कांसा, तांबा और स्टील के बर्तनों की आकर्षक रेंज उपलब्ध है। पूजा में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों के साथ घरेलू उपयोग के सामान की भी अच्छी मांग रहने की उम्मीद है। बाजार में कांसे के बर्तन 2,700 रुपये तक की कीमत में उपलब्ध हैं।

दीपावली पर मेहमानों के स्वागत और उपहार देने के लिए मिठाई की दुकानों में भी विशेष तैयारियां की गई हैं। काजू बर्फी, बेसन लड्डू, नारियल लड्डू, काजू गजक, जोर कदम और घी के लड्डू की मांग को देखते हुए दुकानदारों ने पर्याप्त स्टॉक रखा है।

वहीं, पटाखा बाजार में 30 रुपये से लेकर 2,500 रुपये तक के पटाखे उपलब्ध हैं। अनार, चकरी, रॉकेट और बड़े शॉट की विभिन्न रेंज दुकानों में सजाई गई हैं। पटाखा कारोबारी उन्नाव कुमार ने बताया कि इस बार पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर बिक्री होने की उम्मीद है।-