सिलीगुड़ी, 30 अक्टूबर । फुलेश्वरी के बाद अब सिलीगुड़ी के व्यस्ततम महावीरस्थान के दोनों रेलवे फाटक स्थायी रूप से बंद होने की आशंका को लेकर शहर के प्रमुख व्यापारिक केंद्र महावीरस्थान के कारोबारियों में चिंता बढ़ गई है। इसी बीच शुक्रवार को राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने इलाके का दौरा कर व्यापारियों की समस्याएं सुनी और उनके समाधान का भरोसा दिया है। रेलवे फाटक बंद होने की संभावना को लेकर व्यापारियों में बने भय के बीच मंत्री ने रेलवे के उच्च अधिकारियों के साथ बातचीत करने का आश्वासन दिया है।
पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने कहा कि जिन इलाकों में अंडरपास या रेलवे ओवरब्रिज जैसी वैकल्पिक यातायात व्यवस्था उपलब्ध है, वहां रेलवे की नीति के तहत फाटक स्थायी रूप से बंद किए जा सकते हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थानीय व्यापारियों की मांग और उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा। इस मुद्दे पर रेलवे, जिला प्रशासन, सिलीगुड़ी नगर निगम और पुलिस कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान दौरान मछली कारोबारियों ने उत्तर बंगाल विकास विभाग की आर्थिक सहायता से शुरू हुए एक सरकारी काम के लंबे समय से अधूरे पड़े रहने पर नाराजगी जताई है। कारोबारियों का कहना है कि इस काम से इलाके के कई मेहनतकश लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है। मौके पर नगर निगम के संबंधित अधिकारी भी मौजूद थे।
मंत्री ने अधूरे काम को जल्द और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराने का आश्वासन दिया है। इसके अलावा मंत्री ने शहर में फुटपाथों पर अवैध कब्जे का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि फुटपाथ पर दुकानें लगाकर पैदल चलने वालों के रास्ते में बाधा पैदा करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम लोगों की सुरक्षित और सुविधाजनक आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराना जरूरी है।
