पश्चिमी सिंहभूम, 24 अक्टूबर । पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक नवंबर को आयोजित होने वाली झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं और सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
जिला समाहरणालय स्थित गोपनीय कार्यालय प्रकोष्ठ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार और जिले के सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों के केंद्र अधीक्षक शामिल हुए। उपायुक्त ने परीक्षा की तैयारियों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
जिले में जेटेट परीक्षा के लिए कुल 29 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी, जिसमें 10,470 परीक्षार्थी शामिल होंगे। वहीं, दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें 8,369 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 18,839 परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है।
उपायुक्त ने सभी परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र पर अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी केंद्र अधीक्षक परीक्षा संचालन से संबंधित दिशा-निर्देशों और मार्गदर्शिका का गंभीरता से अध्ययन कर आवश्यक तैयारियां पूरी कर लें।
बैठक में परीक्षार्थियों के प्रवेश और जांच प्रक्रिया को सुव्यवस्थित रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने छात्राओं की सुविधा और गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए संबंधित परीक्षा केंद्रों पर अलग ग्रीन रूम की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
उन्होंने अधिकारियों से परीक्षा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं की जांच करने को कहा, ताकि निर्धारित नियमों का पालन करते हुए परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराई जा सके।-
