सिलीगुड़ी, 24 अक्टूबर । शहर में जाम, पार्किंग की समस्या और फुटपाथों पर अतिक्रमण को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। शनिवार को राज्य के पर्यटन मंत्री एवं सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष ने पुलिस आयुक्त, नगर निगम आयुक्त और अन्य अधिकारियों के साथ विधान मार्केट का निरीक्षण किया। इस दौरान बाजार के बुनियादी ढांचे, सड़कों और पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के बाद मंत्री ने कहा कि शहर में पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ बस स्टैंडों का उचित उपयोग और जरूरत पड़ने पर उनका पुनर्गठन किया जाएगा। दुकानों के सामने अतिरिक्त दुकानें लगाने, फुटपाथों पर कब्जा करने और अस्थायी ढांचे बनाकर रास्ता बाधित करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने बताया कि पहले व्यापारी संगठनों के साथ बातचीत कर उन्हें अतिक्रमण हटाने के लिए समझाया जाएगा। दुर्गापूजा, कालीपूजा और दीपावली के दौरान जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद नवंबर से योजनाओं को लागू करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
वहीं, वीनस मोड़, सेवक मोड़ और एयरव्यू मोड़ जैसे महत्वपूर्ण इलाकों में टोटो और ऑटो के सड़क पर खड़े होकर यात्रियों को बैठाने से लगने वाले जाम की समस्या पर भी ध्यान दिया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस सर्वे कर आवश्यक कदम उठाएगी। इसके अलावा कुछ इलाकों में सड़कों को चौड़ा करने की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है।
