bb

पूर्वी सिंहभूम, 20 अक्टूबर। जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित आशियाना गार्डन में मंगलवार सुबह फ्लैट की छत से गिरकर 77 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह सुबह छत पर टहल रहे थे। इसी दौरान अचानक नीचे गिर पड़े। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर सोनारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल बुजुर्ग के छत से गिरने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की छानबीन कर रही है।

जानकारी के अनुसार, रमेश प्रसाद श्रीवास्तव अपनी पत्नी के साथ आशियाना गार्डन स्थित फ्लैट में रहते थे। उनका बेटा अमेरिका में रहता है, जबकि बेटी बेंगलुरु में रहती है। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बुजुर्ग किन परिस्थितियों में छत से नीचे गिरे।