पत्नी, उसका कथित प्रेमी और एक नाबालिग साजिश में शामिल होने के आरोपित
हजारीबाग, 19 अक्टूबर। हजारीबाग जिले के गिद्दी में सीसीएलकर्मी मंगलेश पाल उर्फ हैप्पी की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, अनुकंपा के आधार पर नौकरी हासिल करने की मंशा से मंगलेश की पत्नी सोनाली ने अपने कथित प्रेमी कौशिक कुमार नोनिया और एक नाबालिग के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार सहित कई अन्य सामान बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।
सोमवार को गिद्दी में आयोजित प्रेस वार्ता में बड़कागांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अमित आनंद ने बताया कि मंगलेश की हत्या की साजिश सोनाली और कौशिक पिछले एक साल से रच रहे थे। पुलिस के मुताबिक, इससे पहले भी साजिश को अंजाम देने की कई कोशिशें की गई थीं, लेकिन वे सफल नहीं हो पाई थीं।
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि मंगलेश की हत्या के बाद सोनाली अनुकंपा के आधार पर नौकरी हासिल करना चाहती थी। हत्या के बाद उसने कथित तौर पर मनगढ़ंत कहानी बनाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश भी की। हालांकि, जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्य जुटाए, जिनके आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ी गईं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच और आरोपितों से पूछताछ के बाद कई अहम सामान बरामद किए हैं। इनमें खून से सनी दाउली, चाकू, पोछा, दो मोबाइल फोन, मृतक और उसकी पत्नी के जले हुए मोबाइल तथा आरोपितों के खून से सने कपड़े और चप्पल शामिल हैं। पुलिस इन सामानों को जांच के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य मान रही है।
एसडीपीओ अमित आनंद ने बताया कि पुलिस अधीक्षक (एसपी) के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई थी। टीम ने एफएसएल, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों और डॉग स्क्वायड की मदद से घटनास्थल की जांच की। इसके अलावा तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच आगे बढ़ाई गई।
पुलिस के मुताबिक, कौशिक कुमार नोनिया गिद्दी स्थित सिटीजन फोरम स्कूल के पास सीसीएल क्वार्टर में कथित तौर पर अवैध रूप से रह रहा था। वहीं, नाबालिग आरोपित गिद्दी बस्ती के मंडाटांड़ का निवासी बताया गया है। उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद किशोर न्याय कानून के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
प्रेस वार्ता में पुलिस निरीक्षक शाहीद रजा, गिद्दी थाना प्रभारी मो. इकबाल हुसैन, उरीमारी थाना प्रभारी रथु उरांव, रमेशचंद्र हजाम, एस. पूर्ति, शशिकांत प्रेमा तिर्की सहित पुलिस बल के कई जवान मौजूद थे।
