रांची, 16 अक्टूबर। महानगर दुर्गा पूजा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष संजय मिनोचा ने शुक्रवार को कहा कि नशे के कारण समाज से भटके युवाओं को सही रास्ते पर लान बेहद जरूरी है।
मिनोचा आज सर्वधर्म सद्भावना समिति के तत्वावधान में कांटाटोली स्थित वाईएमसीए सभागार में कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि ऐसे युवाओं को सही रास्ते पर लाना समाज की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही नशामुक्त समाज की कल्पना की जा सकती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे समिति के अध्यक्ष मोहम्मद इसलाम ने की। उन्होंने दुर्गापूजा के दौरान सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और नशामुक्त समाज के निर्माण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकसित समाज की स्थापना, नशामुक्त वातावरण के बिना संभव नहीं है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की अपील की।
इस मौके पर समिति के पदाधिकारियों को पहचान पत्र सौंपते हुए उन्हें दुर्गा पूजा के दौरान असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और शांतिपूर्ण तरीके से पूजनोत्सव संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाने की जिम्मेदारी दी गई।
इस अवसर पर सह संयोजक विनोद कुमार यादव, समाजसेवी सागर कुमार, मोहम्मद इश्तेयाक, परवेज आलम, नौशाद आलम, आजाद अली एडवोकेट, नुसरत परवीन सहित समिति के अन्य पदाधिकारी लोग मौजूद थे।
