पूर्वी सिंहभूम, 16 अक्टूबर।
गोलमुरी सब्जी बाजार में गुरुवार देर रात अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई।
आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और नौ से अधिक दुकानें इसकी चपेट में आकर जलकर राख हो गईं। दुकानों में रखा सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना के बाद बाजार के दुकानदारों में हड़कंप मच गया और वे अपनी दुकानों की स्थिति देखने के लिए मौके पर पहुंचे।
बताया जाता है कि बाजार में अधिकांश दुकानें बांस-बल्ली और झुग्गी-झोपड़ीनुमा ढांचे से बनी हुई हैं। इसी वजह से आग तेजी से फैलती चली गई। आसपास की कुछ अन्य दुकानों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा।
आग की लपटें देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलने के बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
दुकानों में ज्वलनशील सामग्री और अस्थायी ढांचे होने के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घंटों की कोशिश के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका। हालांकि, तब तक कई दुकानों में रखा सामान जलकर खाक हो चुका था। अगलगी में हुए कुल नुकसान का आकलन फिलहाल नहीं किया जा सका है।
घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में दुकानदार बाजार पहुंचे। अपनी दुकानों को जली हुई अवस्था में देखकर वे मायूस हो गए। दुकानदारों के सामने अब आजीविका का संकट खड़ा होने की चिंता भी बढ़ गई है।
गोलमुरी सब्जी बाजार में पहले भी आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। बार-बार अगलगी की घटनाओं के बावजूद बाजार में अग्निशमन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह और नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
